नया बदायूं, संवाददाता।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की राज्य परिषद की बैठक में सर्वसम्मति से डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र को संगठन का कार्यवाहक अध्यक्ष बनाए जाने का निर्णय लिया गया। इसकी जानकारी मिलते ही बदायूं सहित प्रदेशभर के शिक्षकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
शिक्षकों ने कहा कि डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र लंबे समय से शिक्षक हितों से जुड़े रहे हैं और उनके अनुभव का लाभ संगठन को मिलेगा। वह वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के पूर्व विधायक भी रह चुके हैं।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ बदायूं के जिलाध्यक्ष देशराज सिंह यादव ने डॉ. मिश्र को बधाई देते हुए कहा कि उनके अनुभवी और ऊर्जावान नेतृत्व में संगठन को मजबूती मिलेगी तथा शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संगठन शिक्षक सम्मान और स्वाभिमान के लिए लगातार कार्य करता रहा है और नए नेतृत्व में इन प्रयासों को और गति मिलने की उम्मीद है।
डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र के कार्यवाहक अध्यक्ष बनने पर जिला मंत्री आलोक पाठक, सतेंद्र सिंह यादव, रमेश पांडेय, सुलेखा सिंह, राजकुमार शर्मा, राकेश कुमार शर्मा, नीरज चौहान, महावीर प्रसाद, संजीव तोमर सहित बड़ी संख्या में शिक्षकों ने बधाई दी।

Discussion about this post