नया बदायूं, संवाददाता।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष एवं प्रांतीय प्रचार मंत्री संजीव शर्मा के नेतृत्व में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार को ज्ञापन सौंपकर प्रभारी प्रधानाध्यापकों को प्रधानाध्यापक पद का वेतन और अवशेष चयन वेतनांतर दिलाने की मांग की।
जिलाध्यक्ष संजीव शर्मा और जिला मंत्री उदयवीर सिंह ने बताया कि उच्चतम न्यायालय के आदेश तथा बेसिक शिक्षा अनुभाग-5 के 16 जुलाई 2026 के संशोधित शासनादेश में प्रभारी प्रधानाध्यापकों के वेतन संबंधी निर्देश दिए गए हैं। संघ का कहना है कि जिले में सैकड़ों वरिष्ठ सहायक अध्यापक वर्षों से प्रधानाध्यापक का अतिरिक्त प्रशासनिक, शैक्षिक और वित्तीय कार्य संभाल रहे हैं, लेकिन उन्हें वेतन सहायक अध्यापक पद का ही मिल रहा है। शिक्षक संघ ने बीएसए से शासनादेश का तत्काल अनुपालन कर पात्र प्रभारी प्रधानाध्यापकों को प्रधानाध्यापक पद का वेतन एवं अवशेष भुगतान कराने की मांग की। इस दौरान जिला कोषाध्यक्ष सुशील चौधरी, रामसेवक वर्मा, योगेश शाक्य, वैभव श्रोत्रिय समेत प्रभावित शिक्षक और पदाधिकारी मौजूद रहे।

Discussion about this post