नया बदायूं, संवाददाता।
दातागंज क्षेत्र को बाढ़ की समस्या से निजात दिलाने के लिए कांग्रेस ने बड़ा आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। रामगंगा नदी के किनारे स्थायी समाधान के रूप में बांध (तटबंध) निर्माण की मांग को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने 5 अगस्त को दोपहर 12 बजे से हजरतपुर पुल पर अनिश्चितकालीन धरना देने की घोषणा की है।
धरने की तैयारी के तहत मंगलवार को अजीत यादव ने हर्रामपुर, गढ़ी, लालपुर, कुंडरा मझरा, चकवा, पिपला सहित दर्जनों गांवों में जनसंवाद किया। उन्होंने कहा कि दातागंज क्षेत्र के सैकड़ों गांव हर वर्ष बाढ़ की चपेट में आते हैं, जिससे लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए रामगंगा नदी के दोनों किनारों पर मानपुर से सिमरिया तक तथा रूपपुर से भाऊ नगला तक लगभग 30 किलोमीटर लंबा तटबंध बनाने की मांग को लेकर आंदोलन किया जाएगा।
ग्रामीणों से जनसंवाद
जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि हर साल बाढ़ आने से दातागंज तहसील के सैकड़ों गांवों का करीब चार महीने तक सड़क संपर्क कट जाता है। हर्रामपुर, मौजमपुर, शेरपुर, नवादा, गढ़िया पैगंबरपुर, लालपुर, गौंटिया, कुंडरा मझरा सहित करीब 50 गांवों का बदायूं से संपर्क पूरी तरह टूट जाता है। कई गांवों में खेतों में पानी भर जाने से फसलें बर्बाद हो जाती हैं और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। अधिकांश किसान साल में केवल एक ही फसल (गेहूं) ले पाते हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है। बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती है।
यह गांव भी परेशान
समरेर ब्लॉक के रुकुमपुर, बाड़ीखेड़ा, गंडाह, सादुल्लागंज, मुंढा, धीमरपुरा, करीमगंज, सैजनियां, परेवा, लहडोरा, लहडेरी, आसपुर, राजपुर, शेरा, बिछलिया, चंदोखा, धनौरा सहित कई गांवों के साथ-साथ दातागंज ब्लॉक के अकट, कुंडरा खरसाई, बेला डांडी, तालिमगंज, शंकरपुर, करनपुर, साबितगंज, चापरकौरा, खन्नू नगलिया, नौनी टिकन्ना आदि क्षेत्रों में भी हर वर्ष बाढ़ से फसलों को भारी नुकसान होता है।
बाद मुक्त बनाएंगे
अजीत यादव ने कहा कि दातागंज क्षेत्र को बाढ़ मुक्त बनाने के लिए कांग्रेस आर-पार की लड़ाई लड़ेगी और जब तक स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
जनसंवाद के दौरान कांग्रेस जिला सचिव मंजेश यादव, यूथ फॉर इंडिया के जिला कोऑर्डिनेटर ओमवीर दद्दा, रिटायर्ड कानूनगो सुरेंद्र सिंह, संतोष, सतेंद्र यादव, जतन सिंह, गजेंद्र सिंह, नेम सिंह, ओमपाल सिंह, सोरन सिंह, योगेश यादव सहित दर्जनों कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

Discussion about this post