नया बदायूं, संवाददाता बिसौली।
पूर्व निर्धारित नोटिस के तहत उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन निविदा संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले विद्युत वितरण खंड कार्यालय बिसौली के समक्ष आउटसोर्स संविदा कर्मचारियों ने आज सुबह 10:00 बजे से नारेबाजी करते हुए धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
धरने को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष हर्षवर्धन ने कहा कि विभागीय अधिकारियों द्वारा संविदा कर्मचारियों के साथ दमनकारी नीति अपनाकर उनका शोषण किया जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं प्रदेश संगठन मंत्री हरीश चंद्र यादव ने कहा कि परीक्षण के नाम पर कर्मचारियों को हटाने का जो षड्यंत्र चल रहा है, संगठन उसे सफल नहीं होने देगा। इस दौरान जिला अध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सिंह, मध्यांचल संगठन मंत्री राकेश कुमार एवं जिला महामंत्री जापान सिंह ने भी कर्मचारियों को संबोधित किया और एकजुट रहने का आह्वान किया। बाद में अधिशासी अभियंता नरेंद्र कुमार सिंह के साथ 8 सूत्रीय मांगों को लेकर देर शाम तक वार्ता चली। वार्ता सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें विभाग द्वारा संविदा कर्मचारियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाइयों को वापस लेने पर सहमति बनी। धरने में विपिन कुमार सिंह राठौड़, पवन पटेल, विवेक शर्मा, मुकेश कुमार, अभय सिंह, कृपाल सिंह यादव, अमर सिंह, प्रेमपाल प्रजापति सहित सैकड़ों की संख्या में संविदा कर्मचारी मौजूद रहे।

Discussion about this post