नया बदायूं संवाददाता।
दातागंज क्षेत्र को बाढ़ की समस्या से स्थायी राहत दिलाने की मांग को लेकर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा गया। ज्ञापन में रामगंगा नदी के दोनों किनारों पर मानपुर से सिमरिया तथा रुकुमपुर से भाऊ नगला तक तटबंध (बांध) निर्माण की मांग उठाई गई।
प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार हर वर्ष बाढ़ से बचाव के नाम पर बजट खर्च करती है, लेकिन दातागंज क्षेत्र को स्थायी समाधान देने के लिए कोई ठोस कार्य नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि बरसात शुरू हो चुकी है और कुछ ही दिनों में रामगंगा किनारे बसे सैकड़ों गांव फिर बाढ़ की चपेट में आ जाएंगे।
अजीत यादव ने कहा कि दातागंज क्षेत्र के सैकड़ों गांवों को हर साल बाढ़ का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि रामगंगा के दोनों किनारों पर करीब 30 किलोमीटर लंबा तटबंध बनाकर इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
उन्होंने बताया कि हर वर्ष बाढ़ के कारण हररामपुर, मौजमपुर, शेरपुर, नवादा, गढ़िया पैगंबरपुर, लालपुर, गौंटिया, कुढ़रा मझरा सहित करीब 50 गांवों का बदायूं से सड़क संपर्क कई महीनों तक कट जाता है। खेतों में पानी भरने से फसलें नष्ट हो जाती हैं और अधिकांश किसानों को साल में केवल गेहूं की एक ही फसल मिल पाती है। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है और बच्चों की शिक्षा भी प्रभावित होती है।
ज्ञापन में समरेर और दातागंज ब्लॉक के रुकुमपुर, बाड़ीखेड़ा, गंडाह, सादुल्लागंज, मुड़ा, धीमरपुरा, करीमगंज, सैजनियां, परेवा, लहडोरा, लहडेरी, आसपुर, राजपुर, शेरा, बिछलिया, चंदोखा, धनौरा, अकट, कुंडरा खरसाई, बेला डांडी, तालिमगंज, शंकरपुर, करनपुर, साबितगंज, चापरकौरा, खन्नू नगला और नौनी टिकन्ना सहित अनेक गांवों का उल्लेख करते हुए बाढ़ से होने वाले नुकसान का जिक्र किया गया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि दातागंज क्षेत्र का विकास तभी संभव है जब बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर कांग्रेस इस समस्या के समाधान को प्राथमिकता देगी।
प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष बफाती मियां, दीपक मिश्रा, जिला महासचिव आलोक सिंह, जिला सचिव राजीव पटेल, अहमद अमजदी, सलारपुर ब्लॉक अध्यक्ष जाबिर गद्दी, मुनेंद्र कन्नौजिया, बन्ने खां, यूथ फॉर इंडिया के जिला समन्वयक ओमवीर दद्दा, सेवानिवृत्त कानूनगो सुरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Discussion about this post