नया बदायूं, संवाददाता।
ईरान के स्ट्रेट ऑफ हॉर्मयूज के नजदीक तीन भारतीय मालवाहक जहाजों पर अमेरिकी सेना के हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत की घटना की बदायूं जिला कांग्रेस कमेटी ने निंदा की है। मंगलवार को कांग्रेस ने अमेरिकी हमले में मारे गए नाविकों को आंबेड़कर पार्क में कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने कहा कि ओमान के तट पर अमेरिकी सेना द्वारा भारतीय कमर्शियल जहाजों पर किए गए हमलों में तीन भारतीय नाविकों की दर्दनाक मौत की घटना बेहद निंदनीय है।अमेरिका का यह हमला भारत की संप्रभुता पर हमला है। व अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में हथियारबंद लूट करने और दुनिया पर चौधराहट कायम करने की कोशिश है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा अमेरिकी हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत की घटना की निंदा न किए जाने को अमेरिका के सामने आत्मसर्पण बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिका के सामने घुटने टेक दिए हैं। जिससे भारत के संप्रभुता और स्वतंत्रता और दुनिया में भारत की साख को नुकसान पहुंचा है। कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष बफ़ाती मियां व दीपक मिश्रा ने कहा कि अमेरिकी सेना ने ओमान के तट पर कमर्शियल जहाज़ एमटी सेटेबेलो पर नौ जून को हमला किया था, इस जहाज़ पर 24 भारतीय क्रू मेंबर सवार थे, जिनमें से 21 को बचा लिया गया था, जबकि तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई थी। जिनमें आदित्य शर्मा (डेक कैडिडेट), शिवंद चौरसिया (इंजन फिटर) और पटनाला सुरेश (चीफ इंजीनियर) शामिल हैं। कांग्रेस जिला महासचिव आलोक सिंह व प्रवक्ता सोनपाल शाक्य व यूथ फॉर इंडिया के जिला कोऑर्डिनेटर ओमवीर ने कहा कि यह पहली घटना नहीं थी, इसके पहले 8 जून और 11 जून को भी खाड़ी क्षेत्र में भारतीय क्रू मेंबर्स वाले दो अन्य जहाज़ों पर हमला किया गया था, हालांकि उनमें किसी की मौत नहीं हुई और सभी नाविकों को बचा लिया गया। जिला सचिव अहमद अमजदी, राजीव पटेल और दातागंज यूथ कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष विजय बहादुर ने कहा कि अमेरिकी सेना के हमले में मारे गए तीन भारतीय नाविकों की घटना का कांग्रेस पुरजोर विरोध करेगी। कहा कि भाजपा को देश से माफी मांगनी चाहिए। कार्यक्रम में इकरार अली, रहीस फारूकी, कार्तिक रघुवंशी, हाजी ताहिर उद्दीन, बन्ने खान , लोकेश , अजीत , जमशेद तुर्क, शोएब फारूकी, मंतेश यादव, अंकित, आकाश, केशव, गौरव, अभय भारद्वाज आदि लोग शामिल थे।

Discussion about this post