बदायूं संवाददाता।
शहर कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर शनिवार को शहर अध्यक्ष मुन्नालाल सागर की अध्यक्षता में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि तथा भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल और शिक्षाविद आचार्य नरेंद्र देव की जयंती पर पुष्पांजलि सभा आयोजित की गई। कांग्रेसियों ने महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद जिला अस्पताल पहुंचकर मरीजों को फल वितरित किए।

सभा के मुख्य वक्ता जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष ओमकार सिंह ने इंदिरा गांधी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने देश की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनका जीवन देशसेवा और राष्ट्रीय एकता के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मुन्नालाल सागर ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देशी रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके दृढ़ नेतृत्व और साहसिक निर्णयों के कारण उन्हें लौह पुरुष के नाम से जाना जाता है।
जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सुरेश राठौर ने आचार्य नरेंद्र देव को महान शिक्षाविद और समाज सुधारक बताते हुए कहा कि उन्होंने समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
सभा को जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव मोरपाल प्रजापति, पूर्व जिला प्रवक्ता नदीम, शहर कांग्रेस उपाध्यक्ष हरीश कश्यप, महासचिव आसमां बी, उपाध्यक्ष अकील अहमद और अल्पसंख्यक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष बन्ने खां ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम के बाद कांग्रेसियों ने जिला अस्पताल में मरीजों को फल वितरित कर सेवा का संदेश दिया। इस अवसर पर पंचायत राज प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश प्रजापति, जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव वीरपाल यादव, रियासत खान, प्रवेश कुमार, महेंद्र पाल, नरेंद्र सिंह सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Discussion about this post