नया बदायूं, संवाददाता।
सेवा संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना तहत शुक्रवार को हाफिज सिद्दीक इस्लामिया इंटर कॉलेज बदायूं और विकासखंड अम्बियापुर में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। दोनों स्थानों पर कुल 691 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। इनमें हिंदू जोड़ों ने वैदिक रीति से फेरे लिए, जबकि मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया गया।

बदायूं में आयोजित समारोह में 408 हिंदू जोड़ों ने फेरे और 21 मुस्लिम जोड़ों ने निकाह किया। यहां कुल 429 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। वहीं बिल्सी में 255 हिंदू और सात मुस्लिम जोड़ों का विवाह हुआ। इस तरह जिले में कुल 691 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ।

योजना के तहत प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को एक लाख रुपये का लाभ दिया जाता है। इसमें 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री, 15 हजार रुपये आयोजन पर खर्च तथा शेष 64 हजार रुपये वधू के खाते में भेजे जाते हैं।

जरूरतमंद परिवारों के लिए सहारा बनी योजना : बीएल वर्मा
दोनों कार्यक्रमों के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा रहे। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सामूहिक विवाह समारोह केवल विवाह का आयोजन नहीं, बल्कि परिवारों की खुशियों और नई उम्मीदों का उत्सव है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं से जरूरतमंद परिवारों को बेटियों के विवाह में सहारा मिल रहा है। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों के सुखी वैवाहिक जीवन की कामना की।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि नवविवाहित जोड़े जीवन के नए अध्याय में प्रवेश कर रहे हैं। उन्होंने दंपतियों से एक-दूसरे का जीवनभर साथ निभाने और विपरीत परिस्थितियों में भी एक-दूसरे का सहारा बनने का आह्वान किया।
विवाह में जनप्रतिनिधियों ने दिया आशीर्वाद
सदर विधानसभा क्षेत्र में विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पति-पत्नी एक-दूसरे के साथ-साथ दोनों परिवारों का सम्मान करें। उन्होंने सभी के सुखी गृहस्थ जीवन की कामना की।
बिल्सी विधानसभा क्षेत्र में विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से अनेक जोड़े अपने जीवन की नई शुरुआत कर रहे हैं। उन्होंने नवविवाहित दंपतियों के जीवन में प्रेम, विश्वास, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान प्रतीकात्मक रूप से कुछ नवविवाहित जोड़ों को विवाह प्रमाण पत्र और उपहार सामग्री वितरित की गई। अतिथियों और अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा कर उनके सुखी वैवाहिक जीवन की कामना की।
इस अवसर पर डीएम अवनीश राय, सीडीओ गामिनी सिंगला, जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी मीनाक्षी वर्मा, संबंधित खंड विकास अधिकारी, एमएलसी बागीश पाठक के प्रतिनिधि शारदेंदू पाठक, दीपमाला गोयल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Discussion about this post