नया बदायूं, संवाददाता।
बदायूं में विश्व जनसंख्या दिवस अभियान के तहत 11 जुलाई 2026 को जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह अभियान 11 जुलाई से 18 जुलाई तक चलाया जा रहा है। रैली का शुभारंभ राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बदायूं से हुआ, जिसे डॉ. सीमा अग्रवाल (अपर निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सेवाएं, बरेली मंडल) एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी बदायूं ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

निकाली जन जागरूकता रैली
रैली में कक्षा 9 से 12 तक की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली राजकीय कन्या इंटर कॉलेज से शुरू होकर पुलिस लाइन, भामाशाह चौक, बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय होते हुए वापस विद्यालय में संपन्न हुई। रैली के माध्यम से “जब बच्चों में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल” थीम के जरिए लोगों को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक किया गया।
ऐडी बरेली ने छोटा परिवार-सुखी परिवार का दिया संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. सीमा अग्रवाल ने परिवार नियोजन के महत्व पर प्रकाश डाला और छोटे परिवार के फायदे बताते हुए अधिक से अधिक लोगों को नसबंदी अपनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं डॉ. तेजपाल राठौर (संयुक्त निदेशक, बरेली मंडल) ने निर्देश दिए कि जनपद व ब्लॉक स्तर की सभी सरकारी चिकित्सा इकाइयों पर अस्थायी गर्भनिरोधक साधनों की निःशुल्क उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही कंडोम बॉक्स की स्थापना एवं नियमित आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
नसबंदी की दी जानकारी
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी बदायूं ने परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों जैसे छाया-अंतरा, कॉपर-टी, माला-एन, पुरुष नसबंदी एवं महिला नसबंदी के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस टीम ने सफल बनाई रैली
रैली के सफल आयोजन में डॉ. पवन कुमार (नोडल अधिकारी, परिवार नियोजन कार्यक्रम), अल्पना कुमार (प्रधानाचार्य), सुधा देवी (डीएचईआईओ), अरविंद राना (डीसीपीएम), डॉ. कौशल गुप्ता (एपिडेमियोलॉजिस्ट), नीतेश मंडल (कोऑर्डिनेटर) और उमेश राठौर (अर्बन कोऑर्डिनेटर) सहित विद्यालय स्टाफ का सहयोग रहा।

Discussion about this post