नया बदायूं, संवाददाता।
उसहैत थाना क्षेत्र में कादरचौक रोड पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी एक ट्राली में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सगे ममेरे-फुफेरे भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रुप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को नजदीकी अस्पताल भिजवाया है, जिसका उपचार चल रहा है। जबकि पुलिस ने मृतकों के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
फर्रुखाबाद जिले के थाना कायमगंज के गांव बझेड़ा निवासी मुनीश (22) पुत्र महीपाल उसहैत से शादी का सामान लेकर अपने ममेरे भाई पुरुषोत्तम (18) पुत्र ऋषिपाल व श्याम सिंह (18) पुत्र बहादुर निवासीगढ़ गांव गढ़िया हरदोपट्टी थाना उसहैत के साथ बाइक से वापस लौट रहा था। तभी उसहैत से निकलते ही कादरचौक रोड पर स्थित हनुमान मंदिर के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़ी ट्राली से जा टकराई। जिसमें मुनीश व पुरुषोत्तम की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि श्याम सिंह गंभीर रुप से घायल हो गया। बताया जाता है कि पुरुषोत्तम की बहन की शनिवार को बारात आनी थी। शादी में शामिल होने के लिए मुनीश परिवार के साथ अपनी ननिहाल आया था। वह अपने ममेरे भाई पुरुषोत्तम व गांव के श्याम सिंह के साथ शादी का सामान लेने उसहैत गया था। तीनों लोग सामान लेकर वापस गढ़िया हरदोपट्टी लौट रहे थे। रास्ते में यह हादसा हो गया। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही शादी के घर में मातम पसर गया। चारों ओर चीत्कार मच गई। पुलिस ने घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है। घायल की हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं, पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ उसहैत देवेंद्र सिंह ने बताया कि बाइक सवार सड़क किनारे खड़ी ट्राली से जा टकराए। जिसमें दो की मौत हो गई और एक घायल हो गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।

Discussion about this post