नया बदायूं, संवाददाता।
स्वास्थ्य विभाग की रीड़ कहे जाने वाले राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारियों ने सिर्फ एक दिन धरना प्रदर्शन किया। जिसका नतीजा निकला कि जनपद की चिकित्सा सेवाएं बेपटरी हो गईं और शासन स्तर हनक पहुंच गई। जिसके चलते चिकित्सा सुविधाएं चौपट होने से हाहाकार मचा और फिर शासन से बजट को जारी कर दिया गया। शासन से बजट जारी किया है और अब स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मानदेय को डाल दिया जायेगा। इसीलिए आश्वासन मिलने पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने हड़ताल को समाप्त कर दिया और काम पर लौट गये हैं।
शुक्रवार को 22 मई को जनपद में चिकित्सा सुविधाएं निरंतर रोजाना की तरह चलती रहीं। 21 मई की रात को ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने धरना समाप्त कर दिया था इसीलिए 22 मई को धरना नहीं रहा और डाक्टर-कर्मचारी, अधिकारी सभी अपने-अपने कामकाज पर रहे। कर्मचारियों को ठोस आश्वासन मिल गया और शासन का पत्र भी आ गया है कि स्वास्थ्य विभाग को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 34 करोड़ का बजट मिला है। जिससे कर्मचारियों को सबसे पहले मानदेय दिया जायेगा। इसके बाद विभाग के अन्य कार्यों में पैसा खर्च होगा। कर्मचारी लंबे समय से बिना मानदेय के परेशान थे, सीएमओ की ओर से लगातार किये गये पत्राचार के बाद शासन ने 34 करोड़ रुपये का बजट दिया है। इससे जनपद के कर्मचारियों में खुशी की लहर है।
तीन महीने का वेतन है पांच करोड़
स्वास्थ्य विभाग में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जनपद भर में करीब 1200 कर्मचारी हैं। जिसमें डाक्टरों और कर्मचारियों से लेकर सभी स्तर के कर्मचारी हैं। इन सभी कर्मचारियों को लेकर विभागीय आंकड़े बताते हैं कि तीन महीने का वेतन करीब पांच करोड़ रुपये होता है। शासन से 34 करोड़ रुपये आया है, जिसमें से पांच करोड़ रुपये तो करीब एक ही बार में वेतन में निकल जायेगा।
आश्वासन पर धरना हुआ समाप्त
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिलाध्यक्ष कृष्ण बल्लभ चतुर्वेदी का कहना है कि प्रांतीय स्तर पर भी अधिकारियों से वार्ता हुई है। वहीं शासन स्तर से बजट भी जारी किया गया है। 21 मई को धरना के बाद सीएमओ से भी वार्ता हुई है। जिसके बाद आश्वासन मिल गया कि जल्द ही वेतन कर्मचारियों का डाल दिया जायेगा। अब तीन महीने का वेतन डाला जायेगा। इसलिए धरना को समाप्त कर दिया गया है।
सीएमओ की सुनिए::::
बदायूं सीएमओ डॉ. मोहन झा का कहना है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारियों को मानदेय दो-तीन महीने का नहीं मिला था इसीलिए कुछ कर्मचारियों ने ज्ञापन दिया था, हम पहले से ही शासन से लगातार पत्राचार करते आ रहे हैं। फिलहाल शासन ने 34 करोड़ रुपये का बजट दे दिया है। अब सभी कर्मचारियों का जल्द तीनों महीने का मानदेय डाल दिया जायेगा। कर्मचारी सभी काम कर रहे हैं कोई कार्य प्रभावित नहीं है।

Discussion about this post