नया बदायूं, संवाददाता।
भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव के प्रथम बदायूं आगमन पर उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए संगठन और सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की। कहां की उत्तर प्रदेश में अब भाजपा की सरकार है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नेतृत्व है जिसकी वजह से प्रदेश से गुंडाराज और अपराध पूरी तरह खत्म हो चुका है उत्तर प्रदेश को एक विकसित प्रदेश के रूप में पहचान मिली है।
बुधवार को बदायूं आवास पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा संगठन, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के कुशल नेतृत्व में निरंतर मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन में सभी जातियों और वर्गों को सम्मानपूर्वक स्थान दिया जा रहा है और सभी को समान अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष की नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए उसे “अद्भुत” बताया।
बिना भेदभाव के चल रही योजनाएं
उन्होंने आगे कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही डबल इंजन सरकार द्वारा 265 से अधिक गरीब कल्याण योजनाएं बिना भेदभाव के लागू की जा रही हैं, जिससे आम जनमानस के जीवन स्तर में व्यापक सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के कारण जनता का विश्वास भाजपा के प्रति लगातार बढ़ रहा है।
मजबूत हुई कानून व्यवस्था
कानून व्यवस्था पर बोलते हुए राजेश यादव ने कहा कि योगी सरकार में अपराधियों में भय का माहौल है और अपराध करने से पहले वे कई बार सोचते हैं। उन्होंने दावा किया कि यदि कोई अपराध होता भी है तो प्रशासन त्वरित कार्रवाई करता है। वहीं उन्होंने पूर्व की सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय कानून व्यवस्था कमजोर थी और अपराधियों का बोलबाला था।
अधिकारी गंभीरता से करें योजनाओं का क्रियान्वयन
प्रदेश उपाध्यक्ष ने प्रशासनिक अधिकारियों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं को जनहित में पूरी जिम्मेदारी से लागू करें और जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें। अंत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और सभी से इस विकास यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान किया।

Discussion about this post