नया बदायूं, संवाददाता।
जनपद बदायूं में शहर से लेकर देहात तक बिजली की अघौषित कटौती हो रही है। दिनरात हो रही कटौती से जनता में हाहाकार मचा हुआ है। भीषण गर्मी के बीच लोग परेशान हैं और बिजली निगम के अफसर न तो सुनवाई कर रहे हैं नहीं सप्लाई दे रहे हैं। वहीं बिजली सप्लाई न आने से किसान परेशान हैं, क्योंकि किसानों की फसलें सूख रही हैं और फसलों को बचाना मुश्किल हो गया है। परेशान किसानों और ग्रामीणों का आक्रोश फूटा तो किसान सड़क पर आ गए और वजीरगंज में जाम लगाकर हंगामा किया और विरोध किया है। जमकर बिजली निगम के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस को जैसे-तैसे जाम खुलवा मिला है।
जनपद बदायूं की नगर पंचायत वजीरगंज के कस्बा और ग्रामीण क्षेत्रों में भीषण बिजली संकट से नाराज किसानों और महिलाओं ने विद्युत उपकेंद्र के सामने रोड जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र में निर्धारित शेड्यूल के अनुसार बिजली नहीं मिल रही है। पर्याप्त सिंचाई न होने के कारण किसानों की मक्का की फसल पूरी तरह बर्बादी की कगार पर पहुंच चुकी है। कस्बा के बिजली घर पर प्रदर्शनकारी ग्रामीणों का कहना है कि पूरे 24 घंटे में केवल दो से तीन घंटे ही बिजली मिल पा रही है। यह हालात पिछले एक-दो सप्ताह से हैं। बिजली की समस्या को लेकर जाम लगाया तो पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। जैसे-तैसे किसानों को समझाकर जाम खुलवाया है और आश्वासन दिया है कि अब बेहतर बिजली सप्लाई दी जायेगी। 0
किसानों की सूख रही हैं फसलें
वजीरगंज कस्बा व आसपास इलाकों में बिजली की अघौषित कटौती की जा रही है। इसके साथ ही लो-वोल्टेज और लगातार हो रही ट्रिपिंग की समस्या ने लोगों की परेशानी को दोगुना कर दिया है। पीड़ित किसानों ने बताया कि पानी न मिलने के कारण उनकी आधे से अधिक मक्का की फसल सूख कर नष्ट हो चुकी है, जिससे उनका आर्थिक नुकसान हो रहा है।

Discussion about this post