नया बदायूं, संवाददाता। ब्यूरो कार्यालय
उत्तर प्रदेश के जनपद बदायूं डिपो परिवहन निगम में बड़ी कार्रवाई की गई है। रोडवेज विभाग में राजस्व चोरी और अनियमितताओं के खिलाफ बदायूं डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) राजेश पाठक ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन बसों के छह चालक-परिचालकों की संविदा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी। औचक चेकिंग के दौरान बड़ी संख्या में बिना टिकट सवारियां मिलने पर यह कार्रवाई की गई।
57 में से केवल 22 सवारियों के टिकट
पहली कार्रवाई बदायूं डिपो की हिमाचल के बद्दी रूट की बस में की गई। कीरतपुर के पास चेकिंग के दौरान बस में 57 सवारियां मिलीं, जबकि परिचालक ने मात्र 22 यात्रियों के ही टिकट जारी किए थे। करीब 35 से अधिक सवारियां बिना टिकट यात्रा कर रही थीं। इस गंभीर अनियमितता पर परिचालक प्रबल प्रताप सिंह और चालक दिनेश कुमार की सेवाएं समाप्त कर दी गईं।
परौर-दिल्ली रूट पर भी मिली गड़बड़ी
दूसरी कार्रवाई परौर से दिल्ली जा रही बस पर की गई। कलान क्षेत्र के बाराकला के पास जांच में 20 यात्रियों में से 11 बिना टिकट पाए गए। यात्रियों से किराया लेने के बावजूद टिकट जारी नहीं किया गया था। इस पर एआरएम ने परिचालक पूनम राजपूत और चालक उमेश की संविदा समाप्त कर दी।
बरेली-आगरा रूट पर भी कार्रवाई
तीसरे मामले में बरेली-आगरा रूट की बस को बिनावर के पास चेक किया गया, जिसमें 6 सवारियां बिना टिकट मिलीं। इस पर परिचालक कुमारी रेनू और चालक अखिलेश यादव को दोषी मानते हुए उनकी सेवाएं भी तत्काल समाप्त कर दी गईं।
राजस्व हानि किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं
एआरएम राजेश पाठक ने स्पष्ट कहा कि रोडवेज में भ्रष्टाचार और राजस्व की हानि किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यात्रियों से किराया लेकर उन्हें टिकट देना चालक-परिचालक की जिम्मेदारी है। यदि कोई कर्मचारी इसमें लापरवाही या हेराफेरी करता पाया गया तो उसके खिलाफ और भी कठोर विभागीय व कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।

Discussion about this post