नया बदायूं, संवाददाता।
शासन की विभिन्न पेंशन योजनाओं के क्रियान्वयन से समाज के कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों को व्यापक सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है। इसके साथ-साथ निराश्रित महिला पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन तथा दिव्यांगजन पेंशन जैसी योजनाओं के जरिए लाखों लाभार्थियों को आर्थिक लाभ मिला है। जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार लाया गया है। वर्ष 2012 से वर्ष 2025 तक के आंकड़ों पर नजर डालेंगे तो हजारों लाखों लाभार्थियों को सीधा लाभ मिला है।
जनपद में निराश्रित महिला पेंशन योजना के तहत वर्ष 2012 से मार्च 2017 तक कुल 31 हजार 960 महिलाओं को लाभांवित किया गया, जिनके लिए लगभग 5451.11 लाख रुपये की धनराशि व्यय की गई। वहीं अप्रैल 2017 से दिसंबर 2025 तक इस योजना का विस्तार करते हुए 64,152 महिलाओं को लाभ दिया, जिनके लिए लगभग 38,268.28 लाख रुपये की धनराशि वितरित की गई। इससे साफ है कि महिलाओं सहित पेंशनधारकों को सीधा लाभ मिला है। वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत वर्ष 2012 से मार्च 2017 तक 56,891 बुजुर्गों को 2759.95 लाख रुपये की धनराशि दी गई। इसके बाद अप्रैल 2017 से दिसंबर 2025 तक लाभार्थियों की संख्या बढ़कर 81,529 हो गई, जिनके लिए 9665.36 लाख रुपये की धनराशि वितरित की गई। इससे बुजुर्गों के जीवन में तमाम समस्याएं दूर हुईं। दिव्यांगजन पेंशन योजना के तहत वर्ष 2012 से मार्च 2017 तक 16,909 दिव्यांगजनों को लगभग 9.76 करोड़ रुपये की सहायता दी गई। वहीं अप्रैल 2017 से दिसंबर 2025 तक 18,280 लाभार्थियों को लगभग 12.05 करोड़ रुपये की धनराशि वितरित की गई। यह योजना दिव्यांगजनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उन्हें समाज की मुख्यधारा में जोड़ने का कार्य कर रही है।

Discussion about this post