नया बदायूं संवाददाता।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने बुधवार को दातागंज विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ और कटान प्रभावित नगरिया खनू गांव का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर समस्याएं जानीं और रामगंगा के कटान प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने बताया कि नगरिया खनू, बिहारीपुर, कटकौरा समेत कई गांवों में रामगंगा के कटान से सैकड़ों किसानों की हजारों बीघा जमीन नदी में समा चुकी है। फसलों के नुकसान का सर्वे और जमीन के नुकसान का मुआवजा नहीं मिलने की बात भी ग्रामीणों ने कही। उन्होंने नदी में समाई जमीन के बदले जमीन देने की मांग उठाई।
अजीत यादव ने कहा कि कांग्रेस कटान पीड़ित किसानों के साथ है और जमीन के बदले जमीन की मांग का समर्थन करेगी। उन्होंने तत्काल नुकसान का सर्वे कराकर मुआवजा देने तथा कटान रोकने के लिए युद्धस्तर पर कार्य कराने की मांग की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि रामगंगा किनारे कटान रोकने के लिए स्वीकृत 2 करोड़ 90 लाख रुपये की परियोजना धरातल पर प्रभावी रूप से नहीं उतर सकी। उन्होंने परियोजना में खर्च धनराशि का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि 2027 में कांग्रेस के समर्थन से बनने वाली सरकार दातागंज में बाढ़ और कटान की समस्या का स्थायी समाधान कराएगी।
इस दौरान नवनीत यादव, ओमप्रकाश, गिरीश चंद्र, संजीव यादव, राजीव मौर्य, देश राज मौर्य, बब्बू शर्मा, अखिलेश, राजीव, छबीले वाल्मीकि समेत सैकड़ों कांग्रेसी और ग्रामीण मौजूद रहे।

Discussion about this post