नया बदायूं, संवाददाता।
नेपाल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर भारत का तिरंगा लहराने वाले बदायूं के खिलाड़ी अजय पाल सिंह को ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव प्रभात कुमार शर्मा ने आगरा में आयोजित राष्ट्रीय निर्णायक परीक्षा के अवसर पर सम्मानित किया।
नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित त्रिपुरेश्वर दशरथ रंगशाला इंडोर हॉल में वर्ल्ड ताइक्वांडो, एशियन ताइक्वांडो यूनियन एवं नेपाल ताइक्वांडो संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित चतुर्थ माउंट एवरेस्ट क्योरुगी एवं द्वितीय पूमसे (WT G-1) इंटरनेशनल ताइक्वांडो प्रतियोगिता में अजय पाल सिंह ने भारत का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने सीनियर पूमसे टीम स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि पर आगरा में आयोजित राष्ट्रीय निर्णायक परीक्षा के दौरान महासचिव प्रभात कुमार शर्मा ने अजय पाल सिंह को पटका पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बधाई दी। उन्होंने कहा कि अजय पाल सिंह भविष्य में भी भारत, उत्तर प्रदेश और बदायूं का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसी तरह रोशन करते रहें। गौरतलब है कि इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 28 देशों के 2,000 से अधिक खिलाड़ियों एवं खेल अधिकारियों ने भाग लिया था।

Discussion about this post