नया बदायूं, संवाददाता।
जनपद के थाना अलापुर क्षेत्र में चार वर्षीय बच्ची के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने रविवार सुबह मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है, जबकि मुठभेड़ के दौरान थाना अलापुर के उपनिरीक्षक गौरव कुमार भी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार 25 जून की रात थाना क्षेत्र के एक गांव में चार वर्षीय बच्ची घर के पास खेलते समय अचानक लापता हो गई थी। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने तत्काल अपहरण का मुकदमा दर्ज कर सर्च अभियान शुरू किया। कुछ घंटों बाद बच्ची गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर खेतों से बरामद हुई। उसके शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि होने पर मुकदमे में संबंधित धाराएं तथा पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गईं। घटना के खुलासे के लिए थाना अलापुर पुलिस, महिला थाना, एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी अबरार (58 वर्ष), निवासी ग्राम भसराला, थाना अलापुर की पहचान की। रविवार सुबह गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर तमंचा, चार खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, 110 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित अंगोछा बरामद किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने वासना के वशीभूत होकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, अपहरण, पॉक्सो एक्ट तथा आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए हैं। उपचार और आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Discussion about this post