हैदराबाद/बदायूं। ब्यूरो कार्यालय
देशभर में राजनीतिक सक्रियता के बीच विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकातों का दौर लगातार जारी है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी फखरे अहमद शोबी ने तेलंगाना का दौरा कर वहां की प्रमुख राजनीतिक और खेल जगत की हस्तियों से शिष्टाचार भेंट की।
अपने दौरे के दौरान फखरे अहमद शोबी ने तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (TPCC) के कैंपेन कमेटी चेयरमैन, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के आधिकारिक प्रवक्ता एवं पूर्व लोकसभा सांसद मधु गौड़ यास्खी से उनके निवास पर मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच देश के वर्तमान राजनीतिक हालात, संगठन की मजबूती और आगामी रणनीतियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। मधु गौड़ यास्खी ने शोबी के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके सामाजिक और राजनीतिक योगदान की प्रशंसा की।
इसके बाद फखरे अहमद शोबी ने पूर्व सांसद दाऊद अहमद के साथ मिलकर तेलंगाना सरकार के मंत्री एवं भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरूद्दीन से भी मुलाकात की। इस बैठक में खेल विकास, युवा सशक्तिकरण और अल्पसंख्यक समुदाय के उत्थान जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा हुई। इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान मोहम्मद सामी तथा बदायूं की बिल्सी विधानसभा के पूर्व विधायक हाजी बिट्टन भी विशेष रूप से मौजूद रहे। सभी नेताओं ने आपसी समन्वय और सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस तरह की मुलाकातें आने वाले समय में संगठनात्मक मजबूती और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर समन्वय का आधार बन सकती हैं।

Discussion about this post