बदायूं संवाददाता।
रेत की सफेद चादर पर बसे रुहेलखंड के सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में कार्तिक पूर्णिमा पर आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंगलवार को ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालु हर-हर गंगे, निर्मल गंगे के जयघोष के साथ पतित पावनी मां गंगा में स्नान करने के लिए उमड़ पड़े। देखते ही देखते गंगा तट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ आया। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर 5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरा ककोड़ा धाम हर-हर गंगे और जय मां गंगे के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान कर विधिवत पूजा-अर्चना की, दीपदान किया और भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। कई श्रद्धालुओं ने यज्ञ, कथा और भजन-कीर्तन का आयोजन कराया। मनोकामना पूर्ण होने पर श्रद्धालुओं ने मां गंगा को साड़ी और चुनरी अर्पित की। वहीं कन्या भोज और दान-दक्षिणा के आयोजन भी हुए। श्रद्धालुओं ने कन्याओं को दही-जलेबी, पूरी-सब्जी का भोज कराकर दक्षिणा दी।
मेले में पहुंचे मनोना धाम के ओमेंद्र महाराज ने भी मां गंगा की पूजा-अर्चना और आरती कर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। उनके दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। गंगा तट पर श्रद्धालुओं ने इलायची दाना, बताशे और बूंदी के लड्डू का प्रसाद अर्पित किया। मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर स्काउट दलों ने वॉच टावरों से निगरानी रखी।

तंबुओं के शहर में जीवंत हुई सनातन परंपरा
गंगा किनारे रेत की सफेद चादर पर बसे तंबुओं के शहर में सनातन संस्कृति और प्राचीन परंपराओं की अनूठी छटा दिखाई दी। श्रद्धालुओं ने अपने मान पक्ष का तिलक लगाकर स्वागत-सत्कार किया और उन्हें भोजन कराकर दान-दक्षिणा दी। धार्मिक मान्यता के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर मान पक्ष का सम्मान और दान करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। इसी परंपरा के तहत श्रद्धालुओं ने अपने मान पक्ष को पूरी-सब्जी का भोज कराकर ससम्मान विदाई दी।
मेले में उमड़ा जनसैलाब, झूले और खरीदारी का लिया आनंद
गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने मेले के मीना बाजार में जमकर खरीदारी की। महिलाओं ने श्रृंगार सामग्री और घरेलू सामान खरीदा तो बच्चों ने खिलौनों की दुकानों पर खूब उत्साह दिखाया। मेले में लगे विभिन्न प्रकार के झूले, जादू के खेल और कठपुतली नृत्य आकर्षण का केंद्र बने रहे। सांस्कृतिक मंच पर श्रीकृष्ण लीला, श्रीराम लीला, जनजागरूकता और लोक संस्कृति से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
भंडारे में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मेला क्षेत्र में जगह-जगह विशाल भंडारों का आयोजन किया गया। मुख्य मार्गों, साधु-संतों के पंडालों और झूलों के आसपास लगातार भंडारे चलते रहे। इनमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने श्रद्धालुओं को भोजन और प्रसाद वितरित किया।

स्नान के बाद लगा लंबा जाम, पुलिस ने संभाला मोर्चा
कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते गंगा स्नान के बाद वापसी के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। एक साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के लौटने से सुतिया पुल से लेकर गंगापुर पुख्ता तक लंबा जाम लग गया। ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, कारें और टेंपो घंटों जाम में फंसे रहे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कड़ी मशक्कत कर वाहनों को व्यवस्थित कराया और यातायात सुचारू कराया।

मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में कार्तिक पूर्णिमा का यह भव्य आयोजन आस्था, सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक समरसता का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया। 5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मां गंगा के चरणों में शीश नवाकर पुण्य लाभ अर्जित किया और मोक्ष, शांति एवं परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के साथ अपने घरों को रवाना हुए।

Discussion about this post