बदायूं संवाददाता।
बिसौली नगर में मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम और माता जानकी की भव्य श्रीराम बारात धूमधाम से निकाली गई। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने प्रभु श्रीराम और माता जानकी के स्वरूपों का विधि-विधान से तिलक पूजन कर बारात का शुभारंभ किया। बैंड-बाजे और दर्जनभर सुसज्जित झांकियों के साथ निकली श्रीराम बारात ने पूरे नगर को भक्तिमय बना दिया।
श्रीराम बारात में शामिल आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। बैंड-बाजे की मधुर धुनों के बीच निकली बारात में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। प्रभु श्रीराम और माता जानकी के स्वरूपों के दर्शन एवं पूजन कर लोगों ने आशीर्वाद प्राप्त किया। नगर में जगह-जगह धार्मिक उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने कहा कि प्रभु श्रीराम के आदर्श भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के आधार हैं। श्रीराम बारात जैसे धार्मिक आयोजन समाज में आस्था, संस्कार और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का कार्य करते हैं। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों और मर्यादा के बारे में जानने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में पूर्व जिला उपाध्यक्ष दुर्गेश वार्ष्णेय, ब्लॉक प्रमुख अमित पाठक, ब्लॉक प्रमुख ओमकृष्ण सागर, एलडीबी चेयरमैन बंटू पाठक, डायरेक्टर राम प्रकाश गुप्ता राम, अनुज शर्मा, गोपाल वार्ष्णेय, मंत्री अनुपम गुप्ता, कोषाध्यक्ष गौरी शंकर कथूरिया, उपाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, कृष्ण गुप्ता कन्हैया, अमरदीप गर्ग, उद्योगपति सुभाष चंद्र अग्रवाल और संयोजक अखिलेश शर्मा सहित तमाम कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

Discussion about this post