बदायूं संवाददाता।
भारतीय किसान यूनियन टिकैत के बरेली मंडल प्रवक्ता राजेश कुमार सक्सेना गुरुवार दोपहर बाद दि सहकारी चीनी मिल शेखूपुर पहुंचे। उनके मिल परिसर में पहुंचते ही अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। मिल शुरू न होने से पांच दिनों से ठंड में परेशान किसानों की समस्या को लेकर उन्होंने मिल प्रशासन के प्रति कड़ी नाराजगी जताई।

राजेश कुमार सक्सेना ने कहा कि जिलाधिकारी चीनी मिल का उद्घाटन कर चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद मिल चालू नहीं हुई। किसान पांच दिनों से खुले आसमान के नीचे ठंड में बैठकर मिल चलने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि जब तक चीनी मिल चालू नहीं होगी, वह घर वापस नहीं जाएंगे और आज मिल परिसर में ही रहेंगे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जीएम निधि, सीसीओ और एससीडीआई सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्हें समझाने का प्रयास किया। इस दौरान आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मिल परिसर में जुटने लगे। हालांकि मंडल प्रवक्ता अपनी मांग पर अड़े रहे। उन्होंने कहा कि किसानों के प्रति प्रशासन को संवेदनशील होना चाहिए। खुले आसमान के नीचे बैठे किसानों की परेशानी प्रशासन की असंवेदनशीलता को दर्शाती है। किसानों की समस्या किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जीएम निधि ने बताया कि उन्होंने दो दिन पहले ही कार्यभार संभाला है और अब किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। इसके बाद दोपहर करीब तीन बजे चीनी मिल की चिमनी से धुआं निकलना शुरू हुआ और मिल चालू होने पर किसानों ने राहत की सांस ली।
राजेश कुमार सक्सेना ने चेतावनी दी कि यदि चीनी मिल हर हाल में शुरू नहीं हुई तो अगले दिन जिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। शाम तक मिल का संचालन शुरू होने के बाद उन्होंने संतोष जताया।

इस दौरान दानवीर सिंह यादव, ऋषिपाल सिंह राजपूत, ओमपाल सिंह राजपूत, भीमसेन राजपूत, ठाकुर रमेश चंद्र फौजी, रामवीर भारती, प्रताप सिंह, चौब सिंह राजपूत, शीशपाल सिंह, रामबाबू, अनुज कुमार सिंह, वीरेंद्र पाली, पूरन पाली, तेजपाल सिंह, किशन लाल, ओमपाल सिंह, चेतराम सिंह सहित कई दर्जन किसान मौजूद रहे।

Discussion about this post