नया बदायूं, संवाददाता। राज्य ब्यूरो
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी 4 सितंबर को शाम 7 बजे से श्री राधाकृष्ण मंदिर, गढ़ा आश्रम में विशेष शास्त्रीय संगीत एवं भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सिद्ध महात्मा राधारमण दास महाराज के सानिध्य में आयोजित होगा।
आश्रम महंत एवं कार्यक्रम के मुख्य आयोजक राधारमण दास महाराज ने बताया कि जन्माष्टमी महोत्सव इस वर्ष भी धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। क्षेत्रवासियों के सहयोग से भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के पावन अवसर पर आश्रम परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में महंत राधारमण दास जी महाराज की संगीत प्रस्तुति के साथ दूरदर्शन, आकाशवाणी एवं संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश से जुड़े राजकीय गायक दिनेश कुमार एवं उनके साथी दल द्वारा विशेष शास्त्रीय एवं सुगम संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी।
इसके अलावा स्थानीय कलाकारों द्वारा भजन गायन, बांसुरी वादन और तबला वादन की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजक मंडल ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लेने और जन्माष्टमी महोत्सव में सहभागी बनने की अपील की है।

Discussion about this post