नया बदायूं, संवाददाता। ब्यूरो कार्यालय
मिशन 2027 से पहले यूपी की राजनीति में तमाम तरह की हलचल तेज हो चुकी है। धार्मिक और राजनीतिक हलचल का निशाना मिशन 2027 का चुनाव है। बदायूं की राजनीति में धार्मिक और राजनीतिक हलचल कल होने वाली है। ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज शनिवार, 27 जून को बदायूं पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर जिले में धार्मिक और राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक कल प्रेस वार्ता में शंकराचार्य कोई बड़ा ऐलान और घोषणा करने वाले हैं।
बदायूं जनपद के लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज सुबह 10:00 बजे बदायूं शहर स्थित क्लब रीवेरा होटल, नौशेरा में पत्रकारों से प्रेस वार्ता करेंगे। उनके दौरे और प्रेस वार्ता को लेकर विभिन्न धार्मिक संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और राजनीतिक हलकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। शंकराचार्य के आगमन की सूचना के बाद जिले के राजनीतिक गलियारों में भी तरह-तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। माना जा रहा है कि उनकी प्रेस वार्ता में धर्म, समाज और समसामयिक राष्ट्रीय मुद्दों पर महत्वपूर्ण विचार सामने आ सकते हैं। हालांकि, प्रेस वार्ता में किन विषयों पर चर्चा होगी, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। प्रशासन भी कार्यक्रम को लेकर सतर्क है और सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। शंकराचार्य के आगमन को लेकर उनके अनुयायियों और श्रद्धालुओं में भी उत्साह का माहौल है। सूचना के मुताबिक वह गौ रक्षार्थ धर्म युद्ध यात्रा लेकर आ रहे हैं। 81 दिवसीय यात्रा के साथ बदायूं पहुंचेंगे और उनका जोरदार स्वागत होगा। इस यात्रा में गांव गंगा कृपाकांक्षी पूज्य महाराज गोपाल मणि भी शामिल रहेंगे। इस कार्यक्रम का नेतृत्व और मार्गदर्शन एवं स्वागत में बदायूं के सपा सांसद आदित्य यादव और सपा नेता फकरे अहमद शोबी रहेंगे। समाजवादी के नेता कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे हैं इसलिए राजनीतिक हलचल और ज्यादा है वहीं लोगों के बीच चर्चाएं हैं कि शंकराचार्य अविमुक्तेश्वर आनंद महाराज बदायूं में पहुंचकर क्या राजनीतिक और धार्मिक विचार रखेंगे जो समाज के लिए लाभकारी होगा या फिर राजनीतिक पर पारा हाई करेंगे।

Discussion about this post