बदायूं, संवाददाता।
विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान से संबद्ध शिव देवी सरस्वती शिशु मंदिर एवं विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रांगण में गुरुवार को विद्यालय के संस्थापक कैप्टन डॉ. के.एन. जौहरी एवं संस्थापिका स्वर्गीय श्रीमती शिव देवी की प्रतिमाओं का भव्य अनावरण समारोह श्रद्धा और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। नगर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, विद्यालय अध्यक्ष अरुण कांत गुप्ता एवं प्रबंधक वीरेंद्र पाल झा ने संयुक्त रूप से प्रतिमाओं का अनावरण किया। इसके बाद अतिथियों ने पुष्पार्चन एवं माल्यार्पण कर संस्थापक दंपति को श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक सुधांशु, नगर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, विभाग संघचालक सुनील गुप्ता, विद्यालय अध्यक्ष अरुण कांत गुप्ता, उपाध्यक्ष अशोक नारंग, व्यवस्थापक वीरेंद्र पाल झा, सह-व्यवस्थापक नवनीत प्रताप सिंह सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सभी ने संस्थापक दंपति के त्याग, समर्पण और शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद किया।
विद्यालय के प्रबंधक वीरेंद्र पाल झा एडवोकेट ने संस्थापक कैप्टन डॉ. के.एन. जौहरी के जीवन और उनके शैक्षिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए बताया कि डॉ. जौहरी ने बरेली के मिशन अस्पताल एवं बदायूँ जिला अस्पताल में सेवाएं प्रदान कीं। शिक्षा और समाजसेवा के प्रति समर्पण के चलते उन्होंने 1 जुलाई 1988 को शिव देवी सरस्वती शिशु मंदिर की स्थापना की। दस वर्षों तक सफल संचालन के बाद 1 अगस्त 1998 को जूनियर कक्षाओं का शुभारंभ किया गया। संस्थापक दंपति के दूरदर्शी प्रयासों का परिणाम है कि आज यह संस्थान इंटर कॉलेज के रूप में हजारों विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

पूर्व मंत्री एवं नगर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि कैप्टन डॉ. जौहरी का शिक्षा के प्रति समर्पण और समाजसेवा का भाव सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उनका योगदान ऐतिहासिक और अविस्मरणीय है। उन्होंने सभी से संस्थापक दंपति के आदर्शों को आत्मसात कर शिक्षा के क्षेत्र में उनके द्वारा स्थापित परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

विद्यालय के संरक्षक एवं पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक सुरेश चंद्र सक्सेना ने भावपूर्ण विचार व्यक्त करते हुए इस गरिमामय आयोजन का साक्षी बनने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने ईश्वर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
इस अवसर पर प्रबंध समिति के सदस्य नरेश पाल गुप्ता, डॉ. भास्कर शर्मा, मयंक राज, राजीव नारायण रायजादा, अम्बरीश गोयल, डॉ. गार्गी बुलबुल, बाल कल्याण समिति के मंत्री मनीष सिंघल, नगर प्रचारक तुलसीदास, कपिल, देवेश सक्सेना एडवोकेट, मुकेश बाबू सक्सेना सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम में प्रधानाचार्य वेदरत्न शर्मा एवं प्रधानाचार्य सुशील कुमार तथा प्रबंधक वीरेंद्र पाल झा ने मंचासीन अतिथियों को पटका एवं शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। विद्यालय के आचार्य एवं आचार्या बहनों ने भी संस्थापक दंपति की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ आचार्य कृष्ण हरि शर्मा ने किया। प्रधानाचार्य वेदरत्न शर्मा ने सभी अतिथियों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। समारोह में विद्यालय के समस्त आचार्य, आचार्या बहनें एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Discussion about this post