बदायूं संवाददाता।
जिले के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की वास्तविक स्थिति जानने के लिए शासन की ओर से भेजी गई दो सदस्यीय टीम ने शनिवार को जिला अस्पताल और जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने अस्पतालों के विभिन्न विभागों में पहुंचकर व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा। इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी, दवा स्टोर, ब्लड बैंक और पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) सहित अन्य विभागों का जायजा लेकर उपलब्ध संसाधनों की जानकारी जुटाई।
शासन की ओर से गठित टीम में डिविजनल कंसल्टेंट पब्लिक हेल्थ प्रशांत श्रीवास्तव और क्वालिटी कंसल्टेंट डॉ. आरिफ शामिल रहे। दोनों अधिकारियों ने सबसे पहले जिला अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड में पहुंचकर वहां तैनात चिकित्सकों और कर्मचारियों से मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। साथ ही आपातकालीन स्थिति में मरीजों को मिलने वाले उपचार और वार्ड में उपलब्ध व्यवस्थाओं को देखा।
इसके बाद टीम ने ओपीडी का निरीक्षण कर मरीजों के उपचार की व्यवस्था, चिकित्सकीय सेवाओं और अस्पताल में उपलब्ध दवाओं की स्थिति की जानकारी ली। दवा स्टोर में पहुंचकर दवाइयों के रखरखाव और उपलब्धता को परखा। इसके अलावा अस्पताल में लगे विभिन्न चिकित्सा उपकरणों की क्रियाशीलता की जांच की गई। टीम ने ब्लड बैंक और एनआरसी में भी पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती और उपचार कराने पहुंचे मरीजों से भी बातचीत की। उनसे अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं, उपचार व्यवस्था और दवाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।
जिला अस्पताल के निरीक्षण के बाद शासन की टीम जिला महिला अस्पताल पहुंची। यहां भी विभिन्न विभागों में जाकर स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया गया। इसके बाद टीम ने शहरी क्षेत्र के आयुष्मान आरोग्य मंदिर कल्याण नगर और हकीमगंज का निरीक्षण किया। यहां स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध संसाधनों, स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की स्थिति देखी गई।
हर ब्लॉक में पहुंची दो सदस्यीय टीम
शासन की ओर से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं का व्यापक स्तर पर पर्यवेक्षण कराया जा रहा है। इसके तहत जिला मुख्यालय और शहरी क्षेत्र के सरकारी अस्पतालों का डाटा एकत्र करने के लिए दो सदस्यीय टीम गठित की गई है। वहीं जिले के सभी 15 ब्लॉकों में अलग-अलग टीमें भेजी गई हैं। प्रत्येक टीम में दो सदस्य शामिल हैं, जो अपने-अपने क्षेत्र के सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी जुटा रहे हैं। इस अभियान के माध्यम से जिले में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का आकलन किया जा रहा है।

Discussion about this post