बदायूं संवाददाता।
दीपावली के अवसर पर बदायूं शहर को 1 करोड़ 62 लाख 18 हजार 385 रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिलने जा रही है। नगर पालिका परिषद की चेयरमैन फात्मा रजा के प्रयासों से शहर में 12 निर्माण एवं विकास कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। इन कार्यों के तहत प्रमुख मार्गों पर हॉटमिक्स और सीसी सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही नाला, पार्क और पार्किंग जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी विस्तार होगा।

प्रस्तावित कार्यों में प्रेमलोक हॉस्पिटल से दशमेश थ्रेसर होते हुए सरकारी ट्यूबवेल तक सड़क निर्माण के लिए 28.73 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। सुभाष चौक से नई सराय मार्ग पर 14.66 लाख रुपये और वाटर वर्क्स रोड पर हॉटमिक्स सड़क निर्माण के लिए 13.33 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसके अलावा लावेला चौक से छह सड़का तक सड़क निर्माण पर 9.83 लाख रुपये, अल्फा खां सराय में सीसी सड़क निर्माण पर 8.43 लाख रुपये तथा कचहरी रोड से मास्टर असरार के मकान तक सड़क निर्माण पर 7.53 लाख रुपये खर्च किए जाने का प्रावधान है।

शहर की जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नई सराय में बड़े गेट की पुलिया के दोनों ओर 14.22 लाख रुपये की लागत से नाला निर्माण प्रस्तावित है। वहीं नेकपुर स्थित अंबेडकर पार्क में 6.66 लाख रुपये से फर्श निर्माण कराया जाएगा। एसके कॉलेज में 11.75 लाख रुपये की लागत से पार्किंग का निर्माण भी प्रस्तावित किया गया है।
इसके अतिरिक्त वाटर वर्क्स कैंपस में 12.40 लाख रुपये के निर्माण कार्य कराए जाएंगे। शहर की विभिन्न सड़कों की मरम्मत और हॉटमिक्स कार्यों के लिए 25 लाख रुपये का बजट रखा गया है। मल्होत्रा ग्लास से नगर पालिका के पश्चिमी गेट तक तथा पथिक चौराहे से प्रकाशी भाई के घर तक सड़क निर्माण कार्य भी प्रस्तावित हैं।
इन विकास कार्यों से शहर के विभिन्न मोहल्लों में आवागमन सुगम होने के साथ जल निकासी और अन्य नागरिक सुविधाओं में सुधार की उम्मीद है। अब शहरवासियों को इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने का इंतजार है। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा का पालन सुनिश्चित करना नगर पालिका के सामने अहम चुनौती होगी।

Discussion about this post