लखनऊ। राज्य ब्यूरो
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि सपा 2027 के विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड सीटें जीतकर उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी। उन्होंने भाजपा सरकार पर किसानों, नौजवानों, बुनकरों समेत विभिन्न वर्गों की अनदेखी, महंगाई-बेरोजगारी और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर निशाना साधा।
सोमवार को सपा प्रदेश मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा नकारात्मक प्रचार पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल सकारात्मक कार्यों के लिए होना चाहिए, न कि नकारात्मक प्रचार के लिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में सरकारी नौकरियों में अनियमितताएं हुई हैं और प्रदेश में कई भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक हुए। आउटसोर्सिंग को बढ़ावा देने और कमीशनखोरी के भी उन्होंने आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सपा ने सरकारी नौकरियों में कथित अनियमितताओं को लेकर ऑडिट रिपोर्ट जारी की थी, लेकिन सरकार ने उसका जवाब नहीं दिया।
अखिलेश यादव ने पीडीए समाज के अधिकारों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्तियों को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं हुई हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं में प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और नकली दवाओं के मामलों को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने कहा कि अस्पतालों में गरीबों को पर्याप्त इलाज और दवाएं नहीं मिल रही हैं तथा प्रदेश में नकली दवाएं पकड़े जाने के मामले सामने आ रहे हैं।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर सरकार की नीतियों और जनसमस्याओं को उठाएंगे। उन्होंने दावा किया कि 2027 में सपा रिकॉर्ड संख्या में सीटें जीतकर प्रदेश में सरकार बनाएगी।

Discussion about this post