उझानी, संवाददाता।
नगर पालिका अशर्फी देवी कन्या इंटर कॉलेज में भारत स्काउट-गाइड के तत्वावधान में त्रिदिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर में छात्राओं को स्काउटिंग के मूल सिद्धांतों के साथ अनुशासन, सेवा, सहयोग, नेतृत्व और जीवन-कौशल का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान गाइड्स को टोली निर्माण, टोली विधि और टोली के उत्तरदायित्वों की जानकारी दी गई। छात्राओं को मिल-जुलकर कार्य करने, अपनी जिम्मेदारियों को समझने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ स्काउटिंग आंदोलन के उद्देश्यों तथा समाज एवं राष्ट्र के प्रति दायित्वों से भी अवगत कराया गया।
प्रधानाचार्या वीरू सिंह ने कहा कि स्काउटिंग छात्राओं के व्यक्तित्व को निखारने वाली महत्वपूर्ण शिक्षा है। यह उन्हें अनुशासित, आत्मनिर्भर और जिम्मेदार बनाती है। प्रशिक्षण से प्राप्त संस्कार और जीवन-कौशल छात्राओं को भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने की शक्ति प्रदान करेंगे।
जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि बालिकाएं अपनी शक्ति और सामर्थ्य को पहचानें तथा कभी हिम्मत न हारें। हर चुनौती को अवसर में बदलकर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि बालिकाओं में इतिहास रचने की विलक्षण शक्ति और अपार ऊर्जा सन्निहित है। अपनी क्षमता और योग्यता के बल पर वे राष्ट्र को गौरवान्वित कर सकती हैं।
गाइड कैप्टन प्रेमलता शर्मा के मार्गदर्शन में छात्राओं को गाइड नियम एवं प्रतिज्ञा, झंडा गीत, प्रार्थना, सैल्यूट तथा बायां हाथ मिलाने की विधि का अभ्यास कराया गया।
इस अवसर पर शिक्षिका वसीम निगहत खानम, सरिता शर्मा, शालिनी वार्ष्णेय, गुंजन, श्याम शर्मा, शिल्पी गुप्ता, पूजा चौहान, अमीर बानो आदि मौजूद रहीं।

Discussion about this post