नया बदायूं संवाददाता।
भारत स्काउट और गाइड उत्तर प्रदेश संस्था के तत्वावधान में प्रादेशिक मुख्यायुक्त डा. प्रभात कुमार के निर्देश पर पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज बरेली में मंडलीय स्काउट-गाइड संगोष्ठी आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संयुक्त शिक्षा निदेशक रामाज्ञा कुमार ने की। इसमें बरेली मंडल के बदायूं, बरेली, शाहजहांपुर और पीलीभीत के जिला संगठन पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
संयुक्त शिक्षा निदेशक रामाज्ञा कुमार ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से स्काउट दलों और गाइड कंपनियों का पंजीकरण एवं नवीनीकरण समय से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रदेश कार्यालय को भेजे जाने वाले अंशदान तथा कक्षा नौ से 12 तक के छात्र-छात्राओं से निर्धारित रैली शुल्क भी समय से जमा कराने को कहा। संगोष्ठी में शुल्क संबंधी व्यवस्थाओं के साथ स्काउटिंग-गाइडिंग की गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले एडवेंचर कैंप, नेचर स्टडी कैंप, जिला व प्रदेश स्तरीय रैलियों, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय जंबूरियों, तृतीय सोपान, राज्य पुरस्कार और राष्ट्रपति पुरस्कार से संबंधित गतिविधियों पर भी विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा महाविद्यालयों में आयोजित होने वाले रोवर-रेंजर, डीएलएड और बीएड कैंपों की तैयारियों पर भी चर्चा हुई।
चारों जनपदों के जिला संगठन आयुक्तों ने अपनी समस्याएं संयुक्त शिक्षा निदेशक के समक्ष रखीं। बदायूं में प्रस्तावित मंडलीय स्काउट-गाइड रैली को लेकर भी विशेष रूप से चर्चा की गई और आवश्यक तैयारियों पर विचार किया गया।
संगोष्ठी में डीआईओएस पीलीभीत अनुपम शर्मा, कुसुम लता राजपूत, संयोजक डा. ओपी राय, बरेली के मुख्यायुक्त हरिओम मिश्रा, डीओसी मुहम्मद असरार, गौरव पाठक, शालिनी पांडेय, सुशील सक्सेना, जिला स्काउट मास्टर सुदेश चंद्र, जिला गाइड कैप्टन ज्योति सक्सेना, डीटीसी सत्यपाल गुप्ता, जिला सचिव आलोक पाठक, पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा, दपिंदर कौर, निकहत परवीन और करुण कुमार पांडेय आदि मौजूद रहे। संचालन सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त गाइड बरेली मंडल कुमारी प्रीति और डीटीसी डा. पुष्पकांत शर्मा ने किया।

Discussion about this post