नया बदायूं, संवाददाता।
श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत मण्डलायुक्त बरेली शंभु कुमार एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र अजय साहनी ने शुक्रवार को कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों को फल एवं प्रसाद वितरित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
शुक्रवार को निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पार्किंग स्थलों, रूट डायवर्जन, कंट्रोल रूम, यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
व्यवस्थाओ को पूर्ण करने का निर्देश
अधिकारियों ने पेयजल, प्रकाश, चिकित्सा सुविधाओं सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बेहतर सुरक्षा व्यवस्था
मण्डलायुक्त एवं डीआईजी ने गंगा घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन सहायता, यातायात व्यवस्था एवं रूट डायवर्जन को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं डीजे का प्रयोग शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाए। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अतिक्रमण या नियमों के उल्लंघन की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
ड्रोन कैमरा से हो रही निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी एवं ड्रोन कैमरों से सतत निगरानी रखने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया।
यह रहे मौजूद
इस दौरान एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर राहुल पाण्डेय सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Discussion about this post