नया बदायूं, संवाददाता।
दातागंज तहसील क्षेत्र के म्याऊं पुलिस चौकी इलाके में एक सप्ताह के भीतर अज्ञात वाहनों की टक्कर से दो लोगों की मौत हो जाने से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। हैरानी की बात यह है कि दोनों मामलों में पुलिस अब तक किसी भी वाहन या उसके चालक का सुराग नहीं लगा सकी है।
पहली घटना 21 जुलाई को कृष्णा पेट्रोल पंप के पास हुई, जहां म्याऊं निवासी नावेद पुत्र रियासत को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल नावेद ने पांच दिन तक उपचार के बाद दम तोड़ दिया।
दूसरी घटना 25 जुलाई को म्याऊं रोड स्थित ढका पुलिया के पास हुई, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से होमगार्ड जवान हरीराम पुत्र रामस्वरूप की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों घटनाओं के संबंध में मृतकों के परिजनों द्वारा पुलिस को प्रार्थना पत्र दिए गए हैं।
कस्बे की मुख्य सड़क पर दर्जनों प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के बावजूद पुलिस अभी तक अज्ञात वाहनों की पहचान नहीं कर सकी है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
मृतक हरीराम के भाई ने एक वीडियो जारी कर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि उनके भाई ने वर्षों तक समाज की सेवा की, लेकिन उनकी मौत के चार दिन बाद भी पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
वीडियो में उन्होंने यह भी आशंका जताई कि घटनास्थल के हालात को देखकर यह सामान्य सड़क हादसा नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश भी हो सकती है। इसके बावजूद पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है। दोनों मृतकों के परिजनों ने प्रशासन से जल्द से जल्द अज्ञात वाहन और उसके चालक को पकड़ने की मांग की है, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।

Discussion about this post