नया बदायूं, संवाददाता।
जनपद बदायूं के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक रहा, जब लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए बदायूं से लखनऊ के लिए सीधी ट्रेन सेवा का शुभारंभ कर दिया गया। पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के उझानी रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में केंद्र सरकार के राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने उद्घाटन विशेष गाड़ी संख्या 05018 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर मंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियां जनकल्याणकारी हैं और आमजन की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए रेलवे नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले बदायूं से दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन शुरू की गई थी और अब लखनऊ के लिए भी सीधा रेल संपर्क स्थापित हो गया है, जिससे क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।

बदायूं शहर बरेली मंडल को मिलेगा लाभ
केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मार्गदर्शन में देश में हो रहे रेलवे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बदायूं, उझानी और कासगंज क्षेत्र की यह पुरानी मांग थी, जो अब पूरी हो गई है। इस नई ट्रेन सेवा से विद्यार्थियों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को बरेली, पीलीभीत, मैलानी, सीतापुर होते हुए लखनऊ तक सुरक्षित और नियमित यात्रा की सुविधा मिलेगी।
कछला को मांगा पूर्ण स्टेशन
कार्यक्रम में मंत्री ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत उझानी रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण की सराहना की और बताया कि बदायूं स्टेशन पर भी इसी योजना के तहत कार्य कराए गए हैं। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से कछला हाल्ट को पूर्ण स्टेशन में परिवर्तित करने की मांग भी रखी।
जनप्रतिनिधियों ने की सराहना
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा सड़क और रेल कनेक्टिविटी का जाल बिछाया जा रहा है, जिससे बदायूं भी तेजी से विकास की राह पर अग्रसर है। बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने इस ट्रेन को क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए मील का पत्थर बताया, जबकि सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने इसे जनकल्याणकारी कदम बताते हुए सरकार की नीतियों की सराहना की।
यह रहेगी गाड़ी और टाइमिंग
ज्ञात हो कि 27 जुलाई 2026 से गाड़ी संख्या 15312/15311 कासगंज–ऐशबाग–कासगंज दैनिक एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू होगा। यह ट्रेन एलएचबी कोच के साथ चलेगी, जिसमें कुल 16 डिब्बे होंगे। कासगंज से प्रातः 4:20 बजे चलकर यह ट्रेन बदायूं होते हुए दोपहर 1 बजे ऐशबाग (लखनऊ) पहुंचेगी, जबकि वापसी में दोपहर 2 बजे ऐशबाग से चलकर रात 10:40 बजे कासगंज पहुंचेगी।
ट्रेन से की यात्रा
उद्घाटन के बाद जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन उझानी से बदायूं तक इसी ट्रेन से पहुंचे, जहां बदायूं रेलवे स्टेशन पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम में डीआरएम वीणा सिन्हा, मण्डल वाणिज्य प्रबंधक रिकीता, सहायक निदेशक सूचना आशुतोष चन्दोला सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
मिलेगा सभी को लाभ
इस नई रेल सेवा से बदायूं जनपद को प्रदेश की राजधानी से सीधा जुड़ाव मिलने के साथ ही विकास की नई संभावनाएं खुलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Discussion about this post