नया बदायूं, संवाददाता।
जनपद बदायूं के ब्लॉक कादरचौक क्षेत्र के गांव बादुल्लागंज में सरकारी स्कूल के पास सड़क पर भरे पानी और कीचड़ से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को हो रही है, जो रोजाना इसी रास्ते से गुजरते हैं।
शनिवार को ग्रामीणों के अनुसार, सड़क पर पानी भर जाने के कारण बच्चे स्कूल आते-जाते समय फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे उनके कपड़े खराब हो जाते हैं और कई बार चोट भी लग जाती है। बरसात के चलते स्थिति और भी खराब हो गई है, जिससे रास्ता पूरी तरह कीचड़युक्त हो चुका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या केवल स्कूल के पास ही नहीं, बल्कि पूरे गांव में बनी हुई है। करीब 5 महीने से हालात ऐसे ही बने हुए हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में कई बार ग्राम प्रधान से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। साथ ही गांव में सफाई कर्मचारी भी नियमित रूप से नहीं आते, जिससे गंदगी और जलभराव की समस्या लगातार बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कर जलनिकासी की उचित व्यवस्था कराई जाए, ताकि बच्चों और ग्रामीणों को इस समस्या से राहत मिल सके।

Discussion about this post