नया बदायूं, संवाददाता।
सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र में मुरादाबाद फर्रुखाबाद हाईवे पर पटेल चौक के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस ने एक युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार भगवतीपुर मजरा घेर गांव निवासी आशीष यादव (23 वर्ष), पुत्र जनडेल सिंह, गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे सड़क किनारे पैदल जा रहा था। इसी दौरान अनियंत्रित रोडवेज बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने बस को भी अपने कब्जे में ले लिया है। युवक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Discussion about this post