नया बदायूं, संवाददाता।
तहसील सहसवान और थाना उघैती की ग्राम पंचायत खितौरा कुंदन के मजरा गोदीनगला में एक शादी समारोह की खुशियों के बीच उस समय हड़कंप मच गया, जब बारात की दावत खाने के बाद अचानक करीब 36 घराती और बराती बीमार हो गए। आनन फानन में सभी को नजदीकी प्राइवेट क्लीनिक पर दिखाया गया। फिलहाल सभी की हालत ठीक बताई जा रही है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने भी कैंप लगाकर मरीजों को उपचार दिया है। वहीं लोगों को साफ-सफाई एवं खानपान के लिए जागरूक किया है।
गांव गोदीनगला निवासी रामबहादुर शाक्य की बेटी शांति का विवाह जरीफनगर थाना क्षेत्र के सोनबुड़ी से तय हुआ था। मंगलवार को गांव में बारात आगमन की तैयारियां चल रही थीं। बारात आने से पहले गांव में दावत का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भोजन किया। दावत के कुछ समय बाद ही कई लोगों को उल्टी, दस्त, पेट दर्द और चक्कर आने की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते बीमार लोगों की संख्या बढ़ती गई, जिससे परिजनों में हड़कंप मच गया। बाद में बारात के कुछ लोग भी खाना खाकर बीमार हो गए। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए सभी को नजदीकी निजी अस्पतालों में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश मरीजों में फूड प्वाइजनिंग जैसे लक्षण पाए गए हैं। समय पर उपचार मिलने से सभी की हालत में सुधार हो गया है। इधर गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से गांव गोदी नगला में स्वास्थ्य कैंप लगाया गया। सीएमओ डॉ. मोहन झा के निर्देशन पर एमओआईसी डॉ. प्रशांत त्यागी ने गांव में स्वास्थ्य टीम भेजी। गांव टीम ने बीमार मरीजों को उपचार दिया है। इस दौरान स्वास्थ्य टीम में डाक्टर सुमन्त माहेश्वरी ,देश दीपक शंखधार, कृष्ण वल्लभ चतुर्वेदी, नेत्रपाल शाक्य, बृजभान व वीर गौतम उपस्थित रहे।

Discussion about this post