नया बदायूं, संवाददता मुजरिया।
थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़सान में बरसात के दौरान खंदी में भरे पानी में डूबने से 14 वर्षीय किशोर रोहित की मौत हो गई। हादसा 18 अगस्त की शाम करीब छह बजे के बाद हुआ। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। ग्रामीणों ने मार्ग निर्माण के लिए गहरी खंदी खोदने वाले ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार ग्राम मुड़सान में उच्च प्राथमिक विद्यालय से मंदिर तक जिला पंचायत द्वारा मिट्टी कार्य एवं खड़ंजा सड़क निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि ठेकेदार मनोज यादव निवासी बदायूं ने करीब 20 दिन पूर्व जेसीबी से मार्ग के किनारे मिट्टी निकालकर खंदियों को काफी गहरा कर दिया था। ग्रामीणों का दावा है कि खंदी करीब आठ फीट से अधिक गहरी है और बरसात के कारण उसमें पानी भर गया है।
बताया गया कि 18 अगस्त की शाम रोहित खेलते समय पानी से भरी खंदी में गिर गया। परिजनों ने जब उसे तलाश किया तो उसके खंदी में डूबे होने की जानकारी हुई। ग्रामीणों की मदद से बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
खदी बन्द कराने की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि खंदी खुली और गहरी होने के कारण अभी भी हादसे का खतरा बना हुआ है। उनका आरोप है कि यदि समय रहते खंदी को सुरक्षित नहीं किया गया तो कोई और बच्चा इसकी चपेट में आ सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से खंदी को तत्काल सुरक्षित कराने तथा मामले की जांच कर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Discussion about this post