बदायूं, संवाददाता। Nayabadaun
उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ जनपद बदायूं के तत्वावधान में विशेष जन्म दिवस एवं इंजीनियर आरके दत्ता की पुण्यतिथि के अवसर पर लोक निर्माण विभाग परिसर स्थित एकता सदन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक नगर बदायूं अभिषेक सिंह ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विभिन्न विभागों के डिप्लोमा इंजीनियर्स, पुलिस विभाग के जवान, जनपद न्यायालय के कर्मचारी, मेडिकल एसोसिएट्स से जुड़े लोग और ठेकेदारों ने सहभागिता की।

मंगलवार को रक्तदान शिविर में ठेकेदार संघ के अध्यक्ष अमित पांडेय सहित अन्य ठेकेदारों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। राजकीय पॉलीटेक्निक बदायूं के छात्र-छात्राओं ने भी कार्यक्रम में पूर्ण सहयोग प्रदान किया। रक्तदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।

121 यूनिट रक्तदान
कार्यक्रम में सभी के सहयोग से कुल 121 यूनिट रक्तदान किया गया। रक्त संग्रह के लिए चैरिटेबिल ब्लड बैंक बदायूं तथा मेडिकल एसोसिएटेड ब्लड बैंक बरेली की टीम ने प्रतिभाग किया। भार्गव मेडिकल कॉलेज बदायूं के साथ नोएडा से आए प्रतिनिधियों ने भी शिविर में सहयोग दिया।

रक्तदान को किया प्रेरित
कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के जनपद अध्यक्ष इंजीनियर अजय गंगवार ने की। संचालन राज्य कर्मचारी परिषद के संरक्षक रविंद्र मोहन सक्सेना ने किया। इस दौरान वक्ताओं ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया।

शामिल रहे संगठन पदाधिकारी
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष इंजीनियर अजय गंगवार, राज्य कर्मचारी परिषद के जिलाध्यक्ष इंजीनियर रवि कुमार, लोक निर्माण विभाग डिप्लोमा इंजीनियर संघ के जनपद अध्यक्ष इंजीनियर राहुल कुमार, महासंघ के जनपद सचिव इंजीनियर शैलेंद्र कुमार, इंजीनियर राजीव कुमार चेयरमैन संघर्ष समिति, इंजीनियर घनश्याम, फिरोजउद्दीन, ठाकुर सिंह, जयपाल सिंह, श्रवण कुमार, ज्ञानेंद्र सिंह, योगेंद्र सिंह, मोहम्मद नाजिम और वीरेंद्र सहित विभिन्न विभागों के समस्त जूनियर इंजीनियर्स मौजूद रहे।
आभार व्यक्त
महासंघ के पदाधिकारियों ने रक्तदान शिविर को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी रक्तदाताओं, संस्थाओं, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया।

Discussion about this post