बदायूं, संवाददाता।
युवा मंच संगठन एवं श्री भगवा सेना के संयुक्त तत्वावधान में दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर परिसर में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। लक्ष्य गुप्ता के नेतृत्व में हुई इस बैठक में सनातन धर्म की परंपराओं, धार्मिक आस्थाओं, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, पर्यावरण संरक्षण तथा पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में युवा मंच संगठन एवं श्री भगवा सेना के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष ध्रुव देव गुप्ता मनु ने समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘सनातन सम्मान’ मुहिम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें प्रकृति संरक्षण, जीवों के प्रति दया, सेवा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी का भी विशेष महत्व है। इसी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संगठन चार प्रमुख अभियानों को धरातल पर उतारेगा।
पहली मुहिम : धार्मिक सामग्री का होगा सम्मानजनक निस्तारण
धार्मिक आस्था से जुड़ी खंडित मूर्तियों, देवी-देवताओं के पोस्टर, बैनर, धार्मिक कैलेंडर, मांगलिक कार्यक्रमों के कार्ड और हवन-पूजन की बची सामग्री को गंगा एवं अन्य जल स्रोतों में प्रवाहित करने से जल प्रदूषण की समस्या उत्पन्न होती है। इसके समाधान के लिए युवा मंच संगठन बदायूं शहर में एक निर्धारित स्थान विकसित करने का प्रयास करेगा, जहां ऐसी धार्मिक सामग्री को श्रद्धापूर्वक एकत्रित किया जा सकेगा। बाद में संगठन एवं श्री भगवा सेना के माध्यम से एकत्रित सामग्री को बड़े वाहनों द्वारा निर्धारित स्थान पर ले जाकर पर्यावरण संरक्षण के अनुरूप भूमि में समाहित कराने की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही लोगों से हवन-पूजन की राख गंगा में प्रवाहित करने के बजाय खेतों में उपयोग करने की अपील की जाएगी।
दूसरी मुहिम : हर घर भगवा
श्री भगवा सेना की ओर से जल्द ही ‘हर घर भगवा’ अभियान शुरू किया जाएगा। इसके तहत हिंदू सनातनी परिवारों को अपने घरों पर भगवा ध्वज एवं धर्म की पताका लगाने के लिए जागरूक किया जाएगा। संगठन का उद्देश्य सनातन परंपराओं, धार्मिक संस्कारों और सांस्कृतिक पहचान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
तीसरी मुहिम : गाय एवं अन्य पशुओं के लिए निकलेगी रोटी
सनातन परंपरा में गाय एवं अन्य पशुओं के लिए भोजन निकालने का विशेष महत्व रहा है। पहले अनेक परिवारों में पहली रोटी गाय और दूसरी रोटी अन्य पशुओं के लिए बनाई जाती थी, लेकिन बदलती जीवनशैली के चलते यह परंपरा धीरे-धीरे कम होती जा रही है। इसे पुनर्जीवित करने के लिए संगठन घर-घर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों से गाय एवं अन्य पशुओं के लिए प्रतिदिन भोजन निकालने का आग्रह करेगा।
चौथी मुहिम : पशु-पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था
जीवों के प्रति दया और सेवा भाव को बढ़ावा देने के लिए संगठन लोगों से अपने घरों की छतों, आंगन एवं सुरक्षित स्थानों पर पशु-पक्षियों के लिए दाना-पानी से भरे पात्र रखने की अपील करेगा। इस अभियान का उद्देश्य पशु-पक्षियों का संरक्षण करना और जीव सेवा की सनातन परंपरा को आगे बढ़ाना है।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने चारों अभियानों को सामाजिक सहभागिता के माध्यम से आगे बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को इनसे जोड़ने का संकल्प लिया। संगठन का उद्देश्य धार्मिक आस्था को सामाजिक जिम्मेदारी, पर्यावरण संरक्षण और जीव सेवा से जोड़कर सकारात्मक जनजागरण स्थापित करना है।
इस अवसर पर महंत राजेश बाबा जी, संरक्षक सर्वेश चंद्र गुप्ता, लक्ष्य गुप्ता, लकी ठाकुर, राज वर्मा, अमन पाठक, शिव, अंशुमन शर्मा, अविरल, नैतिक कुमार, सूरज कुमार, उत्कृष्ट यादव, अंश पाठक, लक्ष्य प्रताप सिंह, गिरीश कुमार सहित दर्जनों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
