नया बदायूं

राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर युवा एकता मंच ने किया डॉक्टरों का सम्मान

नया बदायूं, संवाददाता।

राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (डॉक्टर्स डे) के अवसर पर युवा एकता मंच संगठन के अध्यक्ष हसन खान ने जनसेवा के संकल्प के साथ इनाया हॉस्पिटल पहुंचकर डॉ. शबाब हुसैन उर्फ आशू (BUMS) का फूलमाला पहनाकर सम्मान किया। इस दौरान चिकित्सकों की समाज के प्रति भूमिका और स्वास्थ्य सेवाओं में उनके योगदान की सराहना की गई।

बदायूं को शहर के लालपुल स्थित इनाया हॉस्पिटल में सम्मान समारोह के दौरान डॉ. शबाब हुसैन उर्फ आशू ने कहा कि राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस देशभर के सभी डॉक्टरों के समर्पण, सेवा और योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि “एक अच्छे डॉक्टर की पहचान यही है कि उसके पास रोते हुए आने वाला मरीज स्वस्थ होकर मुस्कुराते हुए लौटे।” उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में डॉक्टरों की भूमिका अतुलनीय है और चिकित्सा सेवा केवल एक पेशा नहीं बल्कि मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह हर परिस्थिति में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। युवा एकता मंच के अध्यक्ष हसन खान ने कहा कि डॉक्टर दिन-रात लोगों के जीवन की रक्षा में जुटे रहते हैं। ऐसे समर्पित चिकित्सकों का सम्मान करना समाज का नैतिक दायित्व है और संगठन आगे भी जनसेवा एवं समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा। इस अवसर पर फरमान, फार्मासिस्ट हाजी एहसान अहमद, नर्सिंग स्टाफ परवेज गाजी, समीर, राम बाबू, लैब टेक्नीशियन कासिम, कैफ सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Exit mobile version