नया बदायूं, संवाददाता।
बदायूं जिले के जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव कादरचौक में रविवार रात शादी समारोह से लौट रहे युवकों के बीच गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में कल्याण सिंह की बेटी की शादी का कार्यक्रम था। गांव निवासी हरिओम (28) पुत्र कृपाल सिंह अपने साथियों जुगेंद्र और रामानंद के साथ दावत में शामिल होकर बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में चंद्रवीर, जितेंद्र, चंद्रकेश, सुरेश और पप्पू आदि से गाड़ी खड़ी करने को लेकर कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में लाठी-डंडों से जमकर मारपीट शुरू हो गई। इस हिंसक झड़प में हरिओम, रामानंद और जुगेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर हरिओम को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। सोमवार रात इलाज के दौरान हरिओम की मौत हो गई, जबकि अन्य दोनों घायलों का इलाज जारी है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
परिजनों का आरोप
करीब 12 वर्ष पूर्व हरिओम के पिता की हत्या भी आरोपित पक्ष ने की थी, तभी से दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। उन्होंने इस घटना को उसी रंजिश का परिणाम बताते हुए हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों ने गोली मारने की भी आशंका जताई, लेकिन पोस्टमार्टम से पहले कराए गए एक्स-रे में गोली नहीं मिली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हरिओम की मौत फेफड़ा फटने के कारण बताई गई है।
दर्जन भर पर मुकदमा
पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर दर्जन भर लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में छह आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
एसपी देहात हृदयेश कठेरिया ने बताया कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।

Discussion about this post