उसावां, बदायूं, संवाददाता।
थाना उसावां क्षेत्र के ग्राम रिठिया में रविवार को 19 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में चर्चा का माहौल बन गया। मृतका की पहचान रिठिया निवासी सलीम की पुत्री शबनम के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। ग्रामीणों में चर्चा है कि विवाद के बाद युवती ने कथित रूप से कोई जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। हालांकि युवती ने जहरीला पदार्थ खाया था या उसकी मौत की कोई अन्य वजह रही, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना उसावां प्रभारी राजेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाने के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवती की मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
