नया बदायूं

विश्व स्कार्फ दिवस पर स्काउट-गाइड हुए सम्मानित स्कार्फ सेवा, साहस और एकता का प्रतीक : महेश चंद्र सक्सेना

नया बदायूं, संवाददाता।

भारत स्काउट और गाइड उत्तर प्रदेश संस्था के तत्वावधान में स्काउट भवन प्रशिक्षण केंद्र पर विश्व स्कार्फ दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिले के स्काउट-गाइड, स्काउट मास्टर और गाइड कैप्टन को उनके सराहनीय कार्यों के लिए स्कार्फ पहनाकर एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिला मुख्यायुक्त महेश चंद्र सक्सेना ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग के जनक लार्ड बेडेन पावेल ने विश्व को एक ऐसी प्रेरणादायक व्यवस्था दी, जो युवाओं में अनुशासन, देशभक्ति और सेवा का भाव विकसित करती है। स्कार्फ विश्वभर के स्काउटिंग आंदोलन को एकता के सूत्र में बांधता है और सेवा, साहस, भाईचारे तथा मानवता के प्रति समर्पण का जीवंत प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि स्कार्फ हमें प्रतिदिन अपने कर्तव्यों, प्रतिज्ञा और नियमों का स्मरण कराता है। आपदा या दुर्घटना की स्थिति में यह स्कार्फ प्राथमिक उपचार, पट्टी, स्लिंग, रस्सी और संकेत देने जैसे कई कार्यों में उपयोगी साबित होता है।
जिला संगठन कमिश्नर मुहम्मद असरार ने कहा कि स्कार्फ केवल वर्दी की शोभा नहीं, बल्कि सेवा और अनुशासन का प्रेरक है। उन्होंने स्काउट-गाइड को सदैव सेवाभावी रहते हुए जरूरतमंदों की सहायता करने का आह्वान किया।
पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि स्कार्फ स्काउटिंग के मूल सिद्धांतों—सेवा, साहस और भाईचारे—का प्रतीक है और यह युवाओं को राष्ट्र एवं चरित्र निर्माण के लिए प्रेरित करता है।
इस दौरान स्काउट मास्टर मुकेश बाबू शर्मा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में नंदराम शाक्य, निखिल चौहान सहित अन्य स्काउट-गाइड एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version