नया बदायूं, संवाददाता।
शिखर इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, शेखूपुर में विश्व फार्मासिस्ट दिवस-2026 उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्टों को सशक्त बनाना” रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय पशु कल्याण बोर्ड के सदस्य डॉ. जय प्रकाश सक्सेना रहे। इस दौरान फार्मेसी शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और समाज में फार्मासिस्टों की भूमिका पर वक्ताओं ने विचार रखे। दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के बाद विद्यार्थियों ने फार्मासिस्ट शपथ, स्वागत नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
विद्यार्थियों के लिए रंगोली, पोस्टर और मॉडल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। रंगोली में ग्रुप-3 प्रथम, ग्रुप-8 द्वितीय और ग्रुप-6 तृतीय रहा। पोस्टर प्रतियोगिता में दर्शिका एवं पार्वती प्रथम, मोहित साहू एवं शिवि द्वितीय और कोमल तृतीय रहीं। मॉडल प्रतियोगिता में ग्रुप-1 व ग्रुप-7 ने प्रथम, ग्रुप-5 ने द्वितीय और ग्रुप-2 ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
संस्थान के अध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार वर्मा ने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और दवाओं के सुरक्षित उपयोग के साथ रोगियों को सही मार्गदर्शन देने में अहम भूमिका निभाते हैं। सचिव करन थरेजा और प्रबंधक विक्रान्त मैंदीरत्ता ने भी विद्यार्थियों को आधुनिक ज्ञान के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, स्टाफ सदस्य, विद्यार्थी तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोग मौजूद रहे। अंत में अतिथियों एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।
