नया बदायूं, संवाददाता।
जनपद में महिला कल्याण विभाग द्वारा 421 बच्चों को संरक्षण प्रदान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के तहत इन बच्चों के जीवन में नई उम्मीद और मुस्कान आई है।
ये वे बच्चे हैं जिन्होंने कोविड काल के दौरान अपने माता-पिता अथवा माता-पिता में से किसी एक को खो दिया था। ऐसे में यह योजना इन बच्चों और उनके परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं साबित हो रही है। योजना के माध्यम से बच्चों की शिक्षा और उनके पालन-पोषण में आर्थिक सहायता मिल रही है।
योजना का लाभ उठाते हुए कई बच्चों ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में प्रथम श्रेणी से सफलता हासिल की है और अब वे विभिन्न विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, अब इस योजना को ऑनलाइन कर दिया गया है। यदि कोई बच्चा ऐसा है जिसने अपने माता-पिता अथवा उनमें से किसी एक को खो दिया है, तो वह इस योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकता है। महिला कल्याण विभाग का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य ऐसे बच्चों को आर्थिक, शैक्षिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
