बदायूं संवाददाता।
उसहैत थाना क्षेत्र में सोमवार शाम सड़क हादसे में बाइक से गिरकर एक महिला की मौत हो गई। महिला अपने जेठ के बेटे के साथ म्याऊं की साप्ताहिक बाजार से खरीदारी कर घर लौट रही थी। रास्ते में नगला गांव के मोड़ के पास दूसरी बाइक की टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, कुंवरगांव निवासी रेखा (40) पत्नी राकेश सोमवार को अपने जेठ के बेटे सोहिल (24) के साथ बाइक से म्याऊं की साप्ताहिक बाजार आई थीं। शाम करीब पांच बजे दोनों बाजार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान शाहपुर गांव से आगे नगला गांव के मोड़ के पास पीछे से आ रहे एक बाइक सवार ने उनकी बाइक को ओवरटेक किया और गांव की ओर बाइक मोड़ दी।
इस दौरान सोहिल की बाइक का अगला हिस्सा दूसरी बाइक से टकरा गया। टक्कर लगते ही पीछे बैठी रेखा सड़क पर गिर गईं। सोहिल ने करीब 15 मीटर आगे बाइक रोककर उन्हें उठाया और निजी वाहन से म्याऊं स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद रेखा को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
