नया बदायूं, संवाददाता।
वजीरगंज क्षेत्र के गांव हत्सा निवासी महिला की शनिवार दोपहर बाद अग्रवाल जनरल अस्पताल मेटरनिटी सेंटर, पनबड़िया चौराहा, बदायूं में प्रसव के बाद मौत हो गई। महिला ने पुत्र को जन्म दिया था। परिजनों का आरोप है कि प्रसव के बाद महिला को इंजेक्शन लगाया गया, जिसके कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई और मुंह से झाग आने के बाद उसने दम तोड़ दिया। महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा करते हुए इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया।
गांव हत्सा निवासी फरहद की पत्नी आरिश को शनिवार दोपहर प्रसव पीड़ा होने पर अग्रवाल जनरल अस्पताल मेटरनिटी सेंटर, पनबड़िया चौराहा, बदायूं में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में प्रसव के बाद महिला ने पुत्र को जन्म दिया। परिजनों के मुताबिक, प्रसव के बाद महिला को एक इंजेक्शन लगाया गया। इसके कुछ समय बाद ही उसकी हालत बिगड़ गई और महिला की मौत हो गई। महिला की मौत से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल संचालक और डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप है कि प्रसव कराने के नाम पर अस्पताल में उनसे 35 हजार रुपये जमा कराए गए थे। इसके बावजूद महिला के इलाज में लापरवाही बरती गई।
हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर शांत कराया। देर शाम तक परिजनों और अस्पताल प्रशासन के बीच वार्ता चलती रही। परिजनों के अनुसार आरिश करीब चार माह से ककराला स्थित अपने मायके में रह रही थी। कोतवाली पुलिस की ओर से तहरीर मांगी गई है बताया जा रहा है तीमारदार और अस्पताल प्रशासन की ओर से समझौता चल रहा है।
