नया बदायूं, संवाददाता।
घर पर महिला की हालत बिगड़ी तो झोलाछाप को बुलाकर इलाज कराया। झोलाछाप के इंजेक्शन लगने के बाद महिला की हालत बिगड़ती चली गई। इसके बाद महिला को सीएचसी पर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पीड़ित परिवार ने झोलाछाप पर गलत उपचार करने का आरोप लगाया है।
बुधवार को बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव गिरधरपुर के रहने वाले छोटेलाल पुत्र जोहरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया। कि 26 मई की सुबह उनकी पत्नी ललिता को अचानक पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने गांव के ही एक झोलाछाप केशव पुत्र राम सिंह को घर पर बुलाया। आरोप है कि झोलाछाप ने बिना किसी जांच या परीक्षण के महिला को सीधे इंजेक्शन लगा दिया और ग्लूकोज चढ़ा दिया। कुछ ही देर बाद महिला की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी और उसकी हालत गंभीर हो गई। स्थिति नाजुक होने पर महिला को तुरंत बिसौली ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही करीब साढ़े बारह बजे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों ने झोलाछाप की लापरवाही को मौत का कारण बताते हुए कार्रवाई की मांग की। मृतका के पति छोटेलाल की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
