नया बदायूं, संवाददाता।
दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध को लेकर बदायूं में कांग्रेस नेताओं को दिल्ली रवाना होने से पहले ही पुलिस प्रशासन ने नजरबंद कर दिया। प्रदेश उपाध्यक्ष सेवादल यंग ब्रिगेड एवं पूर्व जिलाध्यक्ष युवा कांग्रेस शफी अहमद को मंगलवार रात करीब 11 बजे उनके आवास पर ही नजरबंद कर दिया गया।
बुधवार को इसी क्रम में ककराला में युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अकबर अहमद डंपी को भी पुलिस ने घर पर ही रोक दिया। बताया जा रहा है कि शफी अहमद के नेतृत्व में सेवादल एवं युवा कांग्रेस के पदाधिकारी दिल्ली जाकर राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में शामिल होने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उन्हें नजरबंद कर दिया।
पुलिस कार्रवाई पर कांग्रेस का विरोध
इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए शफी अहमद ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज करना और अपनी आवाज उठाना कोई अपराध नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की कार्रवाई लोकतंत्र और संविधान की मूल भावनाओं को आहत करने का काम कर रही है।
“हर कार्यकर्ता बब्बर शेर” शफी अहमद
शफी अहमद ने कहा, “कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता बब्बर शेर है। हम कांग्रेस पार्टी के सिपाही हैं, पीछे हटने वाले नहीं हैं। हम गांधी जी की विचारधारा पर चलने वाले लोग हैं।” उन्होंने आगे कहा कि जब तक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक कांग्रेस का हर कार्यकर्ता आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेता रहेगा।
दिल्ली में विरोध की थी तैयारी
कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली में राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन करने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई से उनकी योजना पर रोक लग गई।
