नया बदायूं

वार्ड 8 में डेढ़ साल से जलभराव, दो महीने बाद भी नहीं हुई सुनवाई

सखानू, बदायूं, संवाददाता।

नगर पंचायत सखानू के वार्ड नंबर 8 में पिछले करीब डेढ़ साल से जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। मुख्य रास्ते पर लंबे समय से गंदा पानी भरा होने के कारण स्थानीय लोगों और राहगीरों का आवागमन मुश्किल हो गया है। जलभराव के कारण लोगों को रोजाना गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। वहीं, लंबे समय से पानी जमा होने के कारण क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ने और संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका भी बनी हुई है।

बताया गया कि यह समस्या युवा मंच संगठन के बरेली मंडल उपाध्यक्ष लक्ष्य गुप्ता के घर के सामने मुख्य रास्ते पर बनी हुई है। स्थानीय लोगों और संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि जलभराव को लेकर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) को कई बार लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है। करीब दो महीने पहले भी समस्या के समाधान के लिए शिकायत दी गई थी, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद नगर पंचायत प्रशासन समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा है। लोगों का कहना है कि जब शिकायत के बाद भी महीनों तक जलभराव की समस्या दूर नहीं की जा रही है तो आम जनता की समस्याओं को लेकर प्रशासन कितना गंभीर है, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। आरोप यह भी है कि अब अधिकारी फोन तक नहीं उठा रहे हैं, जिससे स्थानीय जनता में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
युवा मंच संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि सड़क पर लंबे समय से गंदा पानी जमा होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। जलभराव के कारण आसपास के लोगों को दुर्गंध, मच्छरों और बीमारी फैलने के खतरे का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने नगर पंचायत प्रशासन से तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कराने और समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
संगठन ने नगर पंचायत प्रशासन और ईओ को सात दिन का समय देते हुए चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो संगठन स्थानीय जनता को साथ लेकर प्रदर्शन और आंदोलन करेगा। संगठन ने कहा कि आंदोलन की स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पंचायत प्रशासन की होगी।

Exit mobile version